Homeअनियमितताकुसमीपीएम जनमन योजना के तहत एमएमयू से सुदृढ़ हो रही स्वास्थ्य सेवाएं...

पीएम जनमन योजना के तहत एमएमयू से सुदृढ़ हो रही स्वास्थ्य सेवाएं ग्रामीणों को घर के समीप मिल रहा जांच, दवा और परामर्श का लाभ

न्यूज़ दर्शन लाइव @बलरामपुर, 06 मई 2026/ सुशासन तिहार के अंतर्गत आज विकासखंड कुसमी के ग्राम चांदो में आयोजित शिविर में मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा ग्राम चांदो एवं आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीणों का उपचार किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर अपनी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। ग्राम चांदो के रामदास सोनवानी दांत दर्द की समस्या के लिए परामर्श एवं दवा प्राप्त की।
इसी प्रकार ग्राम धन्जी की समुद्री काशी, जो कमर दर्द से परेशान थीं, उन्होंने शिविर में एमएमयू के माध्यम से राहत महसूस की। मोबाइल मेडिकल यूनिट में एक अनुभवी चिकित्सक सहित चार सदस्यीय टीम तैनात है, जो प्रतिदिन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांव-गांव पहुंच रही है। इससे ग्रामीणों को त्वरित उपचार मिल रहा है, बल्कि बीमारियों की समय रहते पहचान भी संभव हो पा रही है। टीम द्वारा निःशुल्क मरीजों की जांच, आवश्यक परीक्षण, परामर्श और दवाओं का वितरण किया जाता है। गंभीर रोगियों को आगे के उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर भी किया जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि पहले छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी उन्हें दूरस्थ स्वास्थ्य केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। लेकिन अब मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गांव में ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलने से उनकी परेशानी काफी हद तक कम हो गई है।
गौरतलब है कि पीएम जनमन योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। दूरस्थ वनांचल एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। इसी चुनौती को दूर करने के उद्देश्य से संचालित पीएम जनमन योजना जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई उम्मीद बनकर उभरी है। योजना के तहत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट आज उन गांवों तक भी पहुंच रही है, जहां पहले प्राथमिक उपचार के लिए भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!