
बलरामपुर, 08 मई 2026/ शासन द्वारा सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासकीय योजनाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का अभियान निरंतर जारी है। इसी कड़ी में सुशासन तिहार के तहत के अंतर्गत विकासखंड बलरामपुर के ग्राम सरनाडीह में आयोजित समाधान शिविर में सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज पहुंचे।
उन्होंने शिविर का अवलोकन किया एवं जनसमुदाय से सीधा संवाद कर योजनाओं की पहुंच की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में आमजन तक पहुंचाएं ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ ले सकें। शिविर में सरनाडीह, टांगरमहरी, भेलवाडीह, खड़ियाडामर, जमुआटांड, भनौरा, बड़कीमहरी, पचावल, अमडंडा, जाबर, महेशपुर, सोनहरा, शंकरपुर, दहेजवार, डूमरखोरका के ग्रामीणों ने उपस्थित होकर अपनी मांग, समस्याओं, शिकायत से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान श्री चिंतामणि महाराज ने आम नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगो को आत्मीयता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना है, बल्कि आम जनता तक सरकारी योजनाओं की पहुंच भी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मंशानुरूप आम जनता की वास्तविक जरूरतों तथा उनकी मांगों एवं समस्याओं से रूबरू होकर उनका समयबद्ध निराकरण के साथ राहत पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से गांव-गांव में पात्र हितग्राहियों का पक्का आवास का लाभ मिल रहा है। महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए महतारी वंदन योजना अंतर्गत प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके खातों में दी जा रही है। राज्य शासन की ऐसी जनहितैषी पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए सहारा बन रही है। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ग्रामीणों से जंगलों एवं खेतों में आग नहीं लगाने की अपील की तथा सभी से पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता निभाने को कहा।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि समाधान शिविर में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति से हितग्राहियों को अवगत कराया जा रहा है तथा विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि शिविर में नए आवेदन भी प्राप्त किए जा रहे हैं, जिनका शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निराकरण के लिए शासन-प्रशासन द्वारा लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
शिविर के दौरान सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने 01 हितग्राही को किसान किताब, 05 हितग्राहियों को आवास प्रमाण पत्र, 21 हितग्राहियों को राशन कार्ड का वितरण किया। इस दौरान सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने गर्भवती माताओं की गोद भराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन कराया।
इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य श्री कृष्णा गुप्ता, जनपद अध्यक्ष सुश्री सुमित्रा चेरवा, उपाध्यक्ष श्रीमती बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री दिलीप सोनी, जनपद सदस्य श्रीमती अर्पणा दीक्षित, पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री भानुप्रकाश दीक्षित सहित क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



