
चांदो, बलरामपुर:
ग्रामीण इलाकों में लावारिस कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बलरामपुर जिले के चांदो तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत नवाडीह कला का है, जहाँ आवारा कुत्तों के झुंड ने ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वार्ड क्रमांक 14 की सदस्य (पंच) ललिता गुप्ता ने पशु चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
गलियों में दहशत का माहौल
वार्ड सदस्य द्वारा लिखे गए पत्र के अनुसार, गांव की मुख्य सड़कों और गलियों में कुत्तों के झुंड ने डेरा डाल रखा है। ये कुत्ते न केवल राहगीरों और छोटे बच्चों पर अचानक हमला कर रहे हैं, बल्कि ग्रामीणों के पालतू पशुओं (गाय, बैल और बकरी) को भी अपना निशाना बना रहे हैं।
हालिया घटनाएं और आक्रोश
शिकायती पत्र में उल्लेख किया गया है कि हाल ही में गांव की कई बकरियों और बच्चों को कुत्तों द्वारा काटे जाने और दौड़ाये जाने जैसे घटनाएं सामने आई हैं। इससे ग्रामीणों में भारी डर और प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि शाम ढलते ही बच्चों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है।ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इन हिंसक कुत्तों को गांव से हटाया जाए। अब देखना यह है कि पशु चिकित्सा विभाग इस लिखित शिकायत पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।



