Homeअनियमितताकुसमीआवारा कुत्तों का आतंक बच्चों और पशुओं पर मंडरा रहा खतरा,वार्ड पंच...

आवारा कुत्तों का आतंक बच्चों और पशुओं पर मंडरा रहा खतरा,वार्ड पंच ने प्रशासन से लगाई गुहार

चांदो/बलरामपुर, न्यूज़ दर्शन। बलरामपुर जिले के चांदो क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला ग्राम पंचायत नवाडीहकला का है, जहां कुत्तों के झुंड ने ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या खड़ी कर दी है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि लोगों का घर से निकलना तक मुश्किल हो गया है।


गांव की गलियों में दहशत का माहौल
वार्ड क्रमांक 14 की पंच श्रीमती ललिता गुप्ता द्वारा पशु चिकित्सा अधिकारी को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि गांव की मुख्य सड़कों और गलियों में आवारा कुत्तों का झुंड सक्रिय है। ये कुत्ते अचानक राहगीरों, खासकर छोटे बच्चों पर हमला कर रहे हैं। इसके अलावा, ग्रामीणों के पालतू पशु जैसे गाय, बैल और बकरियां भी इनके हमलों का शिकार बन रहे हैं।


हालिया घटनाओं से बढ़ा आक्रोश
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में कई बच्चों और बकरियों को कुत्तों ने काटा और दौड़ाया है। इन घटनाओं के बाद गांव में भय का माहौल है और लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी भी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शाम होते ही बच्चों का बाहर निकलना असुरक्षित हो जाता है।


प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि इन हिंसक कुत्तों को गांव से हटाया जाए या उचित नियंत्रण की व्यवस्था की जाए।
अब देखना यह होगा कि पशु चिकित्सा विभाग इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्द संज्ञान लेकर ठोस कार्रवाई करता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

error: Content is protected !!