
संतोष गुप्ता // संवाददाता //
सड़क दुर्घटना को लेकर चांदो में बवाल कई घंटे तक चक्का जाम पुलिस गाड़ी को ग्रामीणों ने रोका , पुलिस बल तैनात
बलरामपुर /चांदो /न्यूज़ दर्शन। जिले के चांदो क्षेत्र में आज दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों की चपेट में आने से दो महिलाओं की जान चली गई, जबकि दो युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। इन घटनाओं के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
हादसा 1: घर में घुसा हाईवा, मां-नानी की मौत, युवक का पैर कटा
पहली हृदयविदारक घटना चांदो के कनहर नदी पुलिया के पास हुई। ग्राम भेदमी निवासी रामप्रीत नगेसिया अपनी मां और नानी के साथ बाइक पर सवार होकर महुआ चुनने बैरडीहकला गांव जा रहे थे। इसी दौरान एक अनियंत्रित हाईवा ने पहले बेचू साहू के घर को टक्कर मारी और फिर बाइक को रौंद दिया।

- प्रभाव: हादसे में रामप्रीत की मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नानी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
- घायल: रामप्रीत नागेसिया की स्थिति अत्यंत गंभीर है, बताया जा रहा है कि हादसे में उसका पैर कट गया है।
- पुलिस कार्यवाही: घटना की सूचना मिलते ही गणेश मोड़ चौकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल टीम के साथ पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया।

हादसा 2: प्रतिबंधित मार्ग पर बॉक्साइट ट्रक ने युवक को कुचला
दूसरी घटना ग्राम कंदरी की है, जहां एक बॉक्साइट ट्रक ने बाइक सवार सद्दाम खान (35 वर्ष) को अपनी चपेट में ले लिया। सद्दाम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। बलरामपुर जिला अस्पताल के डॉक्टरो ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक जानकारी प्राप्त हुआ है कि परिजन गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज के लिए झारखंड के रांची ले जा रहे हैं।
- नशे में था चालक: ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक चालक शराब के नशे में धुत था।
- अवैध आवाजाही पर सवाल: ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि कुसमी अनुविभागीय अधिकारी द्वारा प्रतिबंध और सूचना बोर्ड लगाए जाने के बावजूद इस मार्ग से अवैध रूप से बॉक्साइट ट्रकों का परिचालन कैसे हो रहा है।
प्रशासनिक हस्तक्षेप और चक्काजाम
घटना के बाद उग्र ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चांदो थाना प्रभारी दुवेन्द टेकाम, बलरामपुर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू और गणेश मोड़ चौकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विकास मंडल ने घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों को शांत कराया। घटना स्तर पर हो रहे सभी गतिविधियों के बारे में भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल अवगत कराया । मामले में कलेक्टर बलरामपुर राजेंद्र कटारा ने आश्वासन दिया है कि घायलों के इलाज में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी और हर संभव सरकारी मदद प्रदान की जाएगी। विकास मंडल के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया।
वर्तमान स्थिति: चांदो पुलिस ने ट्रक को जफ़्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पूछ ताछ जारी है।जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।



