संतोष गुप्ता
न्यूज़ दर्शन @बलरामपुर राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत संचालित उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत 22 मार्च 2026 को बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक आकलन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षरों को साक्षर बनाकर जिला बलरामपुर को पूर्ण साक्षर बनाना है।
कलेक्टर एवं जिला साक्षरता मिशन प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र कटारा तथा जिला पंचायत सीईओ एवं उपाध्यक्ष श्रीमती नयन तारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में जिले में साक्षरता अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। साथ ही परीक्षा के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई है।
जिला परियोजना अधिकारी श्री हीरालाल पटवा ने जानकारी दी है उल्लास नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत राष्ट्रव्यापी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान आकलन परीक्षा का आयोजन 22 मार्च 2026 प्रातः 10ः00 बजे से सायं 05ः00 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा के लिए कुल 27,972 परीक्षार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परीक्षा संचालन के लिए जिले में 590 परीक्षा केंद्राध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा की तैयारियों के तहत सभी विकासखंडों में प्रश्न पत्र, उत्तर पुस्तिकाएं, परीक्षार्थी पर्ची, पंजीयन फॉर्म, उपस्थिति पत्रक एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। सभी परीक्षा केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिले में परीक्षा केंद्रों का निर्धारण यू-डाइस कोड वाले प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों में किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को नजदीक ही सुविधा मिल सके। प्रशासन द्वारा परीक्षा को सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला स्तर पर 7 सदस्यीय मॉनिटरिंग टीम का गठनपरीक्षा के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विकासखंडों के परीक्षा केंद्रों की मॉनिटरिंग हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। जिला स्तर पर जिला परियोजना अधिकारी श्री हीरालाल पटवा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी प्रकार विकासखंड स्तर पर शंकरगढ़ में जिला मिशन समन्वयक श्री चन्द्रभूषण गुप्ता, कुसमी में सहायक संचालक श्री रामपथ यादव, रामचन्द्रपुर में सहायक जिला परियोजना अधिकारी श्री ओमप्रकाश गुप्ता, वाड्रफनगर में सहायक जिला परियोजना समन्वयक श्री विनोद पटेल, बलरामपुर में सहायक जिला परियोजना समन्वयक श्री शिव कुमार तथा राजपुर में सहायक जिला परियोजना समन्वयक श्री आनंद प्रकाश गुप्ता को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की पारदर्शिता एवं सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अधिक से अधिक शिक्षार्थी इस महापरीक्षा में भाग लेकर अपनी बुनियादी साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान का आकलन कर सकें।



