संतोष गुप्ता
न्यूज़ दर्शन लाइव @बलरामपुर, कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 24 जून 2026 को ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। ग्राम सभाओं में ग्रामीण विकास, पंचायत सशक्तिकरण एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। पंचायत संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी ग्राम पंचायतों को ग्राम सभा में निर्धारित विषयों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण के अंतर्गत सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का वाचन एवं अवलोकन किया जाएगा। पात्रता एवं प्राथमिकता के आधार पर ग्राम सभा द्वारा सूची का अनुमोदन करते हुए नियमानुसार दावा-आपत्ति प्राप्त की जाएगी तथा निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण कर अंतिम सूची आवास सॉफ्ट पर अपलोड की जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के पात्र हितग्राहियों के चयन में पारदर्शिता एवं जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
साथ ही ग्राम सभा में पूर्व बैठक के प्रस्तावों के क्रियान्वयन की समीक्षा, पंचायत की आय-व्यय का अनुमोदन, विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (वीबी-जी-रामजी) के संबंध में जानकारी, पंचायत कराधान व्यवस्था, पंचायत उन्नति सूचकांक, अविवादित नामांतरण एवं बंटवारा, जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीयन, टीबी मुक्त भारत अभियान, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान, वृक्षारोपण, जल संचयन, सड़क सुरक्षा एवं आवारा पशु प्रबंधन सहित कुल विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। ताकि शासन की योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके।



