पुलिस ने की लुटेरों का सूचना देने पर इनाम की घोषणा
रामानुजगंज। बलरामपुर जिला के रामानुजगंज नगर में बीते बुधवार को हुई ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की बड़ी वारदात के बाद चौथे दिन भी पुलिस के हाथ खाली हैं। इस अवधि में पुलिस टीम लूट की घटना को अंजाम देने वाले अपराधियों की पहचान करने में सफल हुई है। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में लगातार छत्तीसगढ़ की पुलिस टीम झारखंड के पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने लुटेरों के हुलिया पहचान के बाद घटना को मोनू उर्फ बुकी उर्फ बुकिया उर्फ राजा सोनी निवासी चैनपुर झारखण्ड द्वारा गैंग के अन्य लोगों के साथ अंजाम देना बताया है।
पुलिस ने बताया है कि 11 सितम्बर 2024 को दोहपर लगभग 1.30 बजे 03 हथियार बंद अज्ञात व्यक्तियों के संगठित समूह के द्वारा गांधी मैदान के सामने राजेश ज्वेलर्स दुकान में घुसकर प्रतिष्ठान के मालिक राजेश सोनी को हथियार का भय दिखाकर चोटिल किया गया और सोना-चांदी के आभूषण कीमत 2.85 करोड़ रुपये व नगदी रकम 07 लाख रुपये कुल दो करोड़ 92 लाख रुपये लूटकर झारखण्ड की ओर भाग गए। सूचना के बाद से ही पुलिस टीम लगातार सरहदी राज्य झारखण्ड के विभिन्न थाना क्षेत्रांतर्गत जंगलों, आम नागरिकों व मुखबिरों के माध्यम से पूछताछ कर रही थी। पुलिस की अथक मेहनत एवं लगन से अज्ञात हथियार बंद लुटेरों की पहचान (घटना के समय जो टोपी लगाया था) मोनू उर्फ बुकी उर्फ बुकिया उर्फ राजा सोनी निवासी चैनपुर झारखण्ड एवं अन्य व्यक्ति जो मुंडन कराया था, उसकी पहचान राहुल कुमार मेहता पिता प्रमोद मेहता सा. महावीरगंज अम्बा औरंगाबाद, बिहार के रूप में की गई है। पतासाजी दौरान गौरगड़ा नाला छठघाट, कुडेलवा नाला से 100 मीटर के अंदर नाला के पानी में सफेद रंग के अपाचे बाइक को बरामद किया गया है एवं लूट के दौरान प्रार्थी तथा दुकान में बैठे ग्राहक का 03 नग मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी झारखण्ड, बिहार राज्य में संगठित गिरोह चलाते हैं, जिनका अपराध करने का मुख्य तरीका ज्वेलर्स दुकानों में लूटपाट करना है। झारखण्ड प्रदेश में आरोपी के विरूद्ध भिन्न जिलों में लूटपाट, हत्या व हत्या का प्रयास, डकैती जैसे गंभीर घटनाओं के अपराध पंजीबद्ध हैं। झारखण्ड पुलिस के द्वारा आरोपियों के उपर ईनाम की उद्घोषणा की गई है। प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विभिन्न राज्यों से वरिष्ठ अधिकारियों के द्वारा समन्वय स्थापित कर विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमें रवाना की गई हैं। प्रकरण के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी व माल मशरूका की बरामदगी जल्द की जाएगी।
मुख्य आरोपी मोनू उर्फ बुकी उर्फ बुकिया उर्फ राजा सोनी निवासी चैनपुर झारखण्ड के खिलाफ पूर्व में पंजीबद्ध अपराध
गुमला थाना कांड सं.-291/24 दिनांक-30.07.2024 धारा-310 (1)/311 बीएनएस (वांछित)। सोनारी थाना कांड सं.-68/24 दिनांक-24.05.24 धारा-395/412 भादवि एवं 25(1)-1(बी)ए/26/35 आम्र्स एक्ट (वांछित)। सुखदेवनगर थाना (रांची) कांड संख्या 328/24 दिनांक-13.06.2024 धार 392 भादवि (वांछित)। शहर थाना (पलामू) कांड सं.-248/20 दिनांक-20.09.2020 धारा-392 धारा-395/412 भादवि। चैनपुर थाना कांड सं.-256/18 धारा-392 भादवि। चैनपुर थाना कांड सं.-122/23 दिनांक-18.05.2023 धारा-392 भादवि। चैनपुर थाना कांड सं.-08/23 दिनांक-05.01.2023 धारा-392 भादवि।
लूट दौरान मोनू ने दिखाई थी बर्बरता
लूट कांड के दौरान गैंग के सरगना मोनू ने बर्बरता दिखाई थी, उसके द्वारा ही राजेश ज्वेलर्स के संचालक के साथ मारपीट की घटना की गई। मोनू सोनू का भाई सोनू सोनी लूट कांड में रांची जेल में बंद है। लूट कांड को बहुत ही शातिर तरीके से अपराधियों ने अंजाम दिया और भीड़ को नजरअंदाज करते हुए 90 से 100 किलोमीटर की रफ्तार में रामानुजगंज नगर सीमा को पार करके भाग निकले थे।





